गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में शर्मनाक घटना, गैंगरेप के बाद महिला को जूते की माला पहनाकर कराया परेड

image

एक महिला पर कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने हमला किया। महिला का कथित तौर पर यौन शोषण किया गया उसके बाद दरिंदो ने महिला के बाल काट दिए, उसके कपड़े फाड़ दिए, उसका चेहरा काला कर दिया और उसे शाहदरा इलाके में घुमाया।

घटना बुधवार की है और आरोपी इलाके में अवैध शराब बेचने वाले बताए जा रहे हैं। आरोप है कि महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी किया गया। घटना के एक वीडियो में महिला पर हमला करते हुए दिखाया गया है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त ने कहा कि उन्होंने इस सिलसिले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित थाने में यौन शोषण और दुराचार का मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी ने कहा, "पीड़ित को हर संभव मदद और परामर्श मुहैया कराया जा रहा है। हम मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। इसे देखने के लिए अधिकारियों की एक टीम बनाई गई है, हम जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।"

क्या वज़ह है इस दरंदगी के पीछे ?
जांच से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पीड़ित महिला पिछले कुछ सालों से शाहदरा इलाके में रह रही है। महिला शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। उसके पड़ोस में रहने वाले एक शख्स का उसके साथ एकतरफा अफेयर चल रहा था। उसने कई बार उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। जिसके बाद कुछ दिन पहले उस युवक ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी। खुदकुशी करने वाले के परिवार का मानना ​​था कि उसने इस महिला की वजह से आत्महत्या की है। घटना के बाद से शख्स के परिजन नाराज हो गए और पीड़िता पर सबसे पहले हमला परिवार की महिलाओं ने ही किया। 

क्या कहा महिला आयोग ने ?
इस बीच, दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। मालीवाल ने कहा कि राजधानी से यह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। स्वाति ने कहा "एक महिला के साथ अवैध शराब का धंधा करने वाले आरोपी ने सामूहिक बलात्कार किया। उसे जूतों की एक माला पहनाई गई। उसका चेहरा काला कर दिया गया और इलाके में उसकी परेड कराई गई। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना। मैं दिल्ली पुलिस को लिख रही हूं। महिला और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए।"

स्वाति मालीवाल ने अपनी टीम के साथ अस्पताल में पीड़िता से मुलाकात की और उसका बयान दर्ज किया। उन्होंने पीड़िता को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। 

Related Stories